महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही खींचतान आखिरकार खत्म हो गई है। 11 दिन के इंतजार के बाद यह तय हो गया है कि देवेंद्र फडणवीस राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुंबई में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बन गई है।
खबर के मुताबिक, फडणवीस आज ही राजभवन जाकर राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपने वाले हैं। शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को हो सकता है।
क्या बोले शिंदे?
भाजपा और महायुति के बीच चल रही चर्चाओं में शिंदे का रुख साफ था। 27 नवंबर को उन्होंने खुद मुख्यमंत्री पद की दौड़ से हटने का संकेत दिया था। शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा था कि “जो भी फैसला आप लेंगे, वह हमें मंजूर होगा। हमारे लिए NDA और भाजपा का समर्थन ही प्राथमिकता है। हमें कोई आपत्ति नहीं है।”
दिल्ली में महायुति की बैठक
28 नवंबर को दिल्ली में भाजपा और महायुति के बड़े नेताओं की अहम बैठक हुई। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने कई मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले फडणवीस ने अजित पवार से अलग से मुलाकात की थी, लेकिन कुछ मुद्दों पर सहमति बनाने में समय लगा।
महाराष्ट्र के चुनावी परिणाम
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना, भाजपा और एनसीपी के महायुति गठबंधन ने मिलकर 235 सीटें जीतीं। इनमें भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को 41 सीटें मिलीं। दूसरी ओर, विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) को कुल 46 सीटों पर सिमटना पड़ा।
अब महाराष्ट्र एक बार फिर देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में नई शुरुआत के लिए तैयार है। शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन शामिल होगा और सरकार की प्राथमिकताएं क्या होंगी, ये देखने वाली बात होगी।