मनरेगा के अस्तित्व को बचाने हेतु प्रतापगढ़ में कांग्रेस का सामूहिक उपवास
ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अस्तित्व को बचाने और इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ के विरोध में प्रतापगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर सामूहिक उपवास एवं शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया।
प्रतापगढ़। ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अस्तित्व को बचाने और इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ के विरोध में प्रतापगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर सामूहिक उपवास एवं शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता मोहित भावसार ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ‘मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान’ के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत के नेतृत्व में नगर परिषद के बाहर स्थित महात्मा गांधी चौराहे पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण उपवास रखा गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उपवास तोड़ा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण गरीब, मजदूर और बेरोजगार वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
चेतावनी देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि यदि मनरेगा के नाम और स्वरूप के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर भाजपा के इस ‘गांधी विरोधी’ चेहरे को जनता के सामने उजागर करेगी और आंदोलन को और अधिक उग्र बनाया जाएगा।
What's Your Reaction?