पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस विश्नोई गैंग का नाम लेकर कॉल
पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। यह धमकी 14 जनवरी को दोपहर 12:26 बजे एक वॉट्सऐप वॉइस कॉल के माध्यम से दी गई।
चित्तौड़गढ़। पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। यह धमकी 14 जनवरी को दोपहर 12:26 बजे एक वॉट्सऐप वॉइस कॉल के माध्यम से दी गई।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को “हैरी बॉक्सर” बताते हुए कुख्यात लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। आरोपी ने संदीप शर्मा और उनके पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिससे वे और उनका परिवार दहशत में आ गए।
धमकी भरे कॉल के बाद आरोपी द्वारा एक वॉइस मैसेज भी भेजा गया, जिसमें कहा गया कि यदि 24 घंटे के भीतर संपर्क नहीं किया गया तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
घटना के बाद संदीप शर्मा ने सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिस नंबर से कॉल आया है उसकी तकनीकी जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ी है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा डराने के उद्देश्य से दी गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र संदीप शर्मा के घर और होटल के बाहर बैरिकेटिंग की गई है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियाँ
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले में रोहित गोदारा गैंग की ओर से कन्हैयालाल खटीक और रावतभाटा के एक ठेकेदार को धमकियाँ मिल चुकी हैं, जिनके संबंध में अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज हैं। प्रदेश के कई जिलों में इस प्रकार की धमकियों और रंगदारी मांगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
What's Your Reaction?