धाकड़ समाज की टी–20 क्रिकेट प्रतियोगिता में उमड़ा खेल उत्साह
बजरंग क्रिकेट क्लब जमालखेड़ा, नरसिंहगढ़ के तत्वावधान में धाकड़ समाज द्वारा आयोजित टी–20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 1 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक भव्य रूप से किया जा रहा है।
निंबाहेड़ा | बजरंग क्रिकेट क्लब जमालखेड़ा, नरसिंहगढ़ के तत्वावधान में धाकड़ समाज द्वारा आयोजित टी–20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 1 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक भव्य रूप से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के छठे दिन मंगलवार को आयोजित रोमांचक मुकाबलों के दौरान राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि उदयलाल आंजना ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित मंचासीन समारोह की अध्यक्षता क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष गोपाल आंजना ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डोरिया सरपंच रमेश धाकड़, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुलाब धाकड़ एवं निर्भयराम धाकड़ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस टी–20 क्रिकेट प्रतियोगिता में नीमच, जावद, निंबाहेड़ा, छोटीसादड़ी, बड़ी सादड़ी, भदेसर, चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बना हुआ है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में क्रिकेट आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा मुख्य अतिथि पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना का माल्यार्पण व साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। स्वागत करने वालों में सरपंच हीरालाल भील, पुष्कर धाकड़, प्यारचंद धाकड़, सत्यनारायण धाकड़, ओम धाकड़, रंगलाल धाकड़, रामपाल धाकड़, पारस धाकड़, सुनील धाकड़, लोकेश धाकड़, अर्जुन टांक, कमलेश धाकड़, प्रभुलाल धाकड़, सीताराम धाकड़ सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल रहे।
प्रतियोगिता स्थल पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक मैचों का आनंद लिया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
What's Your Reaction?